अपशब्द और कथित कफ सिरप मामले को लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
मालवांचल मित्र, नीमच: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट देखने को मिल रही है। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर नीमच में जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालते हुए विजय टॉकीज चौराहा पर भाजपा मंत्रियों का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। कांग्रेस ने इस बयान की निंदा करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है।
इसके साथ ही कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल पर भी कथित कफ सिरप प्रकरण में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि बच्चों की मौत जैसे गंभीर मामलों में सरकार को संवेदनशीलता और जवाबदेही दिखानी चाहिए।
प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण माहिती, ब्लॉक अध्यक्ष ओम दीवान, मोनू लोक्स, आशा सांभर, गजेंद्र यादव, अनिल चौरसिया, योगेश प्रजापति, महेश वीरवार, शराफत अली और साबिर मसूदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।