मालवांचल मित्र, भोपाल: प्रदेशभर के कृषि आदान (एग्री इनपुट) व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। कृषि आदान विक्रेता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात का समय लिया है। यह बैठक दोपहर 1:00 बजे भोपाल में आयोजित होगी, जिसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से ई-टोकन प्रणाली से जुड़ी समस्याओं सहित कृषि आदान व्यापार में आ रही विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष को व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग रखेगा।
इसके अलावा, आज शाम 5:00 बजे ऑल इंडिया एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन, नई दिल्ली द्वारा सभी प्रदेश अध्यक्षों और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन (जूम) बैठक प्रस्तावित थी। हालांकि, राजस्थान कृषि आदान विक्रेता संघ के पदाधिकारियों की कृषि सचिव के साथ निर्धारित बैठक के कारण इस जूम मीटिंग का समय परिवर्तित कर दिया गया है। अब यह बैठक रात 8:00 बजे आयोजित होगी।
इस जूम मीटिंग में 27 अप्रैल से देशव्यापी स्तर पर कृषि आदान व्यापारियों द्वारा प्रस्तावित व्यवसाय बंद और अपनी मांगों को मंत्रालय के समक्ष रखने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी संगठन द्वारा आगामी संदेश के माध्यम से साझा की जाएगी।
संघ के उपाध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और संगठन की एकजुटता को मजबूत करें। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से व्यापारियों को जल्द ही सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।
(मालवांचल मित्र)