चिंताखेड़ा चौकी क्षेत्र में देर रात हुआ विवाद, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
मालवांचल मित्र, नीमच: जिले के चिंताखेड़ा चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव पावड़ा खुर्द में जमीन विवाद ने एक दर्दनाक रूप ले लिया। यहां सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर रात करीब 10 बजे की है। घर के अंदर ही दो सगे भाइयों—नरूलाल और भेरूलाल—के बीच जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बड़े भाई नरूलाल ने अपने छोटे भाई भेरूलाल के पेट में चाकू से वार कर दिया।
चाकू का वार गंभीर होने के कारण भेरूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिंताखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपी भाई नरूलाल भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान भेरूलाल पिता कचरूलाल, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी पावड़ा खुर्द के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है।