मालवांचल मित्र, नीमच: शहर में हिंदू बहन-बेटियों के साथ हो रही कथित घटनाओं और अश्लील हरकतों के विरोध में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भारत माता चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और नारेबाजी कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। उनका कहना था कि ढुलमुल रवैये के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
बजरंग दल के नेताओं ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन आगे और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
वहीं, विहिप नेताओं ने प्रशासन और सरकार को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन स्वयं आगे आकर कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
(मालवांचल मित्र)