मालवांचल मित्र, नीमच: जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेतपुरा पालसोड़ा में एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब बिंदौली कार्यक्रम के दौरान दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, घटना 20 अप्रैल की शाम की है, जब गांव में पारिवारिक विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान महेंद्र पिता खुमान रावत, गोविंद पिता खुमान रावत, नारायण सिंह पिता प्रभु सिंह रावत और कन्हैयालाल पिता प्रभुलाल रावत कथित रूप से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विशाल नायक पिता अंतर सिंह नायक को बहाने से अलग ले जाकर बिंदौली निकालने को लेकर विवाद किया और उस पर तलवार से हमला कर दिया।
घटना के दौरान जब विशाल को बचाने उसके भाई नरेंद्र सिंह नायक पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में दोनों भाइयों के हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल विशाल नायक ने बताया कि गांव में उसकी भुआ की बेटी की बिंदौली निकल रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे साइड में ले जाकर विवाद किया और अचानक तलवार से हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में महेंद्र रावत, गोविंद रावत और नारायण रावत के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।