मालवांचल मित्र, जीरन/नीमच: नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक और संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां ननिहाल आए एक युवक का शव कुएं से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान आदित्यराज सिंह (पिता दिलीप सिंह चंद्रावत), निवासी ग्राम गरनाई (थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आदित्यराज पिछले एक सप्ताह से अपने नाना गोविंद सिंह, जो कि सेवानिवृत्त लाइनमैन हैं, के यहां जीरन में गर्मी की छुट्टियां बिताने आया हुआ था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार 15 अप्रैल की रात करीब 8 बजे आदित्यराज अपने दोस्तों के साथ टहलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि तालाब किनारे स्थित फिल्टर प्लांट के सामने एक कुएं में युवक का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की पहचान आदित्यराज सिंह के रूप में की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद घटना के बाद मृतक के गांव गरनाई और ननिहाल जीरन में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।