मालवांचल मित्र, नीमच: गरीबों के उत्थान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी कार्य कर रही है। यही कारण है कि आज बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उक्त विचार विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने व्यक्त किए।
वे वार्ड क्रमांक 6 स्थित अंबेडकर मांगलिक भवन में 37.27 लाख रुपए की लागत से बनने वाले डोम निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिसने गरीबी देखी होती है, वही गरीबों का दर्द समझ सकता है। बाबा साहब अंबेडकर ने स्वयं कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताया और संविधान के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया।
विधायक परिहार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हर वर्ग के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और पार्षदों के सहयोग से शहर में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आश्रय निधि के अंतर्गत 4.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कराई गई है, जिससे शहर की गरीब बस्तियों में सड़क, नाली सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड क्रमांक 6 को डोम निर्माण की सौगात मिलना गौरव का विषय है।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं मंडल अध्यक्ष श्री दारा सिंह यादव ने स्वागत भाषण देते हुए वार्ड में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष के सहयोग से कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे हुए हैं और जमाई मोहल्ले में शीघ्र ही सड़क एवं नाली निर्माण शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री योगेश जैन ने किया, जबकि आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों ने विधिवत रूप से डोम निर्माण का भूमिपूजन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति रही।