मालवांचल मित्र, नीमच: नगर पालिका परिषद नीमच ने अर्थवर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए विभिन्न मदों में कुल 25.73 करोड़ रुपये की वसूली की है। यह उपलब्धि प्रशासनिक सक्रियता और सतत निगरानी का परिणाम मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर नीमच द्वारा समय-समय पर आयोजित मासिक समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए नगर पालिका ने वसूली प्रक्रिया को गति दी। इसके तहत लीज पर आवंटित भूखंडों से लीज राशि, बकाया प्रीमियम, नामांतरण प्रकरणों में अंतरण शुल्क, फ्री होल्ड शुल्क सहित अन्य देयों की वसूली सुनिश्चित की गई।
इसके अलावा नगर क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स पर चालान कार्रवाई की गई, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया। इन सभी प्रयासों के माध्यम से नगर पालिका ने विभिन्न स्रोतों से यह बड़ी राशि एकत्रित की।
नगर पालिका की इस उपलब्धि को शासन स्तर पर भी सराहा गया है। संचालनालय द्वारा 16 एवं 17 अप्रैल 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाली कार्यशाला में नीमच नगर पालिका को अपने उत्कृष्ट वसूली प्रयासों का प्रस्तुतिकरण देने के लिए आमंत्रित किया गया है।
यह उपलब्धि न केवल नगर पालिका के बेहतर वित्तीय प्रबंधन को दर्शाती है, बल्कि भविष्य में विकास कार्यों के लिए मजबूत आधार भी प्रदान करेगी।