मालवांचल मित्र, नीमच: शहर के रोटरी क्लब में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में प्रमुख युवा जन गोष्ठी का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक चेतना का विकास करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडवोकेट यश जी भार्गव (प्रांत अध्यक्ष, यंग थिंकर फोरम) एवं जिला संचालक अनिल जी जैन द्वारा दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
अपने संबोधन में यश जी भार्गव ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं को केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने संघ के मूल्यों, अनुशासन एवं संस्कारों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाज सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान युवा सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा करते हुए समाज के प्रति सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक युवा, एक पौधा” अभियान के अंतर्गत पौधों का वितरण किया गया।
अंत में सभी उपस्थितजनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई और इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ, जिसने उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।