मालवांचल मित्र, रामपुरा/नीमच(तरुण कीमती): भारतीय रेलवे को एक अनुभवी, कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है। नीमच निवासी वरिष्ठ रेलवे अधिकारी श्री अनिल कुमार जैन ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (General Manager) पद का कार्यभार संभाल लिया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से नीमच सहित पूरे मालवांचल क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
श्री जैन इससे पहले उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर में प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता (Principal Chief Electrical Engineer) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे भारतीय रेलवे विद्युत सेवा (IRSEE) के वर्ष 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं और अपने लंबे अनुभव व उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
शिक्षा और प्रारंभिक जीवन
श्री अनिल कुमार जैन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामपुरा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जीईसी, उज्जैन से बी.टेक. (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) तथा आईआईटी दिल्ली से एम.टेक. (स्वर्ण पदक) की उपाधि हासिल की। उनकी यह शैक्षणिक उपलब्धि उनके उत्कृष्ट तकनीकी ज्ञान और समर्पण को दर्शाती है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
वे श्री रमेश चन्द्र जैन (सेवानिवृत्त पोस्ट मास्टर) और श्रीमती पवन कुमारी जैन, निवासी नीमच के सुपुत्र हैं। उनके भाई श्री मनोज जैन नीमच में ADEO के पद पर कार्यरत हैं। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती विधु जैन चित्तौड़गढ़ की निवासी हैं।
श्री जैन अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं गुरुजनों को देते हैं, विशेष रूप से श्री अरविन्द लक्कड़, जिन्होंने उनके छात्र जीवन में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
सेवाकाल और अनुभव
अपने बहुआयामी और उत्कृष्ट सेवाकाल में श्री जैन ने भारतीय रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने दक्षिण रेलवे में लगभग 10 वर्षों तक सहायक विद्युत अभियंता, मंडल विद्युत अभियंता और उपमुख्य विद्युत अभियंता (मुख्यालय) जैसे अहम पदों पर कार्य किया।
उनकी प्रशासनिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व कौशल के चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्र में गर्व और उम्मीद
श्री अनिल कुमार जैन की इस उपलब्धि से नीमच और आसपास के क्षेत्र के लोगों में गर्व की भावना है। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
MALWANCHAL MITRA परिवार की ओर से श्री अनिल कुमार जैन को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।