मालवांचल मित्र, जावद: नीमच जिले की जावद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के जर्जर व खतरनाक पोल आमजन के लिए बड़ी चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई स्थानों पर बिजली के पोल टेढ़े-मेढ़े, टूटे हुए या बेहद कमजोर स्थिति में खड़े हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार विद्युत मंडल के लाइनमैन और सुपरवाइजर को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही इन खतरनाक पोलों को दुरुस्त किया गया है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और समय-समय पर समाचार पत्रों के माध्यम से भी संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत मंडल की इस लापरवाही के कारण कभी भी जनहानि हो सकती है। आरोप यह भी है कि हादसे होने के बाद विभाग मुआवजा देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है, लेकिन समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए जाते।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब विभाग में पर्याप्त संख्या में लाइनमैन और हेल्पर मौजूद हैं, तो फिर इस तरह की लापरवाही क्यों बरती जा रही है। इससे यह संदेह भी उत्पन्न होता है कि संबंधित कर्मचारियों की उदासीनता इस समस्या को और गंभीर बना रही है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्रीय नागरिको ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने जिला कलेक्टर से आग्रह किया है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
(जानकारी - जगदीश तिवारी द्वारा)