मालवांचल मित्र, इंदौर: महाराजा यशवंतराव अस्पताल के एक वार्ड में इन दिनों कई ऐसी कहानियाँ जन्म ले रही हैं, जो इंसानियत पर भरोसा फिर से मजबूत कर देती हैं। यहाँ ज़िंदगी और मौत के बीच जूझते कई चेहरे हैं—कुछ अपनों के साथ, तो कुछ बिल्कुल अकेले।
इन्हीं में से एक थे एक बुज़ुर्ग पिता, जो लावारिस हालत में अस्पताल में भर्ती थे। उनकी बेटी ऑस्ट्रेलिया में थी और हालात ऐसे कि चाहकर भी अपने पिता के पास नहीं पहुंच पा रही थी। एक तरफ हज़ारों किलोमीटर की दूरी, दूसरी तरफ बेबसी… और बीच में एक इंसान, जो अपने जीवन के आख़िरी पड़ाव पर तन्हा पड़ गया था।
लेकिन इस कहानी में तन्हाई ज़्यादा देर तक नहीं रही।
इसी अस्पताल में दो युवा—आदिल शेख़ और अजय नागदा—ऐसे लोगों के लिए सहारा बनकर खड़े हैं, जिनका इस दुनिया में कोई नहीं होता। ये दोनों न सिर्फ मदद करते हैं, बल्कि उन मरीजों के लिए परिवार की भूमिका निभाते हैं, जिन्हें हालात ने अपनों से दूर कर दिया है।
इस बुज़ुर्ग मरीज के इलाज के दौरान आदिल और अजय ने उनकी हर ज़रूरत को अपनी जिम्मेदारी समझा। भोजन की व्यवस्था से लेकर दवाइयों और जरूरी जांच तक, हर पहलू पर उन्होंने पूरा ध्यान दिया। जब दर्द बढ़ता, तो उनके पास बैठकर सहारा देते… जब हालत बिगड़ती, तो डॉक्टरों के साथ खड़े रहते… और जब उनकी आंखें किसी अपने को तलाशतीं, तो ये दोनों ही उनका परिवार बन जाते।
सिर्फ एक मामला ही नहीं—ऐसे कई लावारिस और जरूरतमंद मरीज हैं, जिनकी रोजमर्रा की जरूरतों का जिम्मा आदिल और अजय ने उठा रखा है। दिन हो या रात, अस्पताल की भीड़ हो या सन्नाटा—इनकी सेवा बिना रुके जारी रहती है।
आख़िरकार वो भावुक क्षण भी आया, जब उस बुज़ुर्ग ने आख़िरी सांस ली। लेकिन इस बार वे अकेले नहीं थे। उनके पास आदिल शेख़ और अजय नागदा जैसे लोग मौजूद थे, जिन्होंने यह साबित कर दिया कि रिश्ते सिर्फ खून से नहीं, बल्कि इंसानियत से भी बनते हैं।
यह कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उस संवेदनशीलता की है, जो समाज में आज भी जिंदा है। जब अपने दूर हो जाते हैं, तब कोई अनजान व्यक्ति अपना बनकर साथ निभाता है—यही असली सेवा है, यही सच्ची इंसानियत।