मालवांचल मित्र , नीमच: भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच के नए जिला कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को बड़े राजनीतिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें प्रदेश स्तर के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इसकी अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
हालांकि, इस पूरे कार्यक्रम में एक नाम की गैरमौजूदगी ने सियासी हलकों में हलचल पैदा कर दी है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का नाम आमंत्रण सूची में शामिल नहीं है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीति में सवाल उठने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि जब इस नए जिला कार्यालय के लिए भूमि आवंटन हुआ था, उस समय पवन पाटीदार ही जिला अध्यक्ष के पद पर थे। उस दौरान इस उपलब्धि को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्सव मनाया था, जिसमें पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गई थीं। ऐसे में अब उसी परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम से उनका नाम नदारद होना चर्चा का विषय बन गया है।
चूंकि यह आयोजन पूरी तरह से पार्टी का राजनीतिक कार्यक्रम है, इसलिए इसमें प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति और उनका उल्लेख स्वाभाविक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में पवन पाटीदार का नाम शामिल न होना कई तरह के कयासों को जन्म दे रहा है।
फिलहाल, इस मुद्दे पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला आने वाले समय में और तूल पकड़ सकता है।
अब सभी की नजरें इस कार्यक्रम और पार्टी की संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी हैं, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके।