मालवांचल मित्र, नीमच: मानवता, संयम और अहिंसा के प्रतीक भगवान महावीर का जीवन और उनके सिद्धांत आज भी विश्व के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं। ईसा से 599 वर्ष पूर्व चैत्र शुक्ल त्रयोदशी के दिन बिहार के वैशाली जिले के कुंडलपुर ग्राम में जन्मे प्रभु महावीर का बाल्यकालीन नाम वर्धमान था। अपने अद्भुत साहस, संयम और इंद्रियों पर विजय प्राप्त कर वे ‘महावीर’ और ‘जिनेंद्र’ कहलाए।
प्रभु महावीर के सिद्धांत किसी एक समाज, जाति या समय विशेष तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए हर युग में प्रासंगिक और जीवंत दर्शन प्रस्तुत करते हैं। आज जब विश्व अशांति, हिंसा और संघर्ष के दौर से गुजर रहा है, तब उनके विचार स्थिरता, शांति और प्रेम का मार्ग दिखाते हैं।
प्रभु महावीर ने अनेकांतवाद का सिद्धांत दिया, जो विभिन्न विचारधाराओं के समन्वय की क्षमता रखता है। उनके पंच सिद्धांत—अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह—जीवन जीने की ऐसी शैली प्रस्तुत करते हैं, जिन्हें अपनाकर व्यक्ति स्वयं के साथ-साथ समाज में भी शांति और संतुलन स्थापित कर सकता है।
अहिंसा के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सभी जीव जीना चाहते हैं, कोई भी मरना नहीं चाहता। इसलिए न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि वाणी और विचारों से भी किसी को कष्ट नहीं पहुंचाना चाहिए।
सत्य को उन्होंने शाश्वत धर्म बताया, जिसमें मन, वचन और कर्म की एकरूपता आवश्यक है।
अचौर्य के माध्यम से उन्होंने इच्छाओं के संयम पर बल दिया, क्योंकि अनियंत्रित इच्छाएं ही दुख और अशांति का कारण बनती हैं।
ब्रह्मचर्य को उन्होंने इंद्रियों और मन के पूर्ण संयम से जोड़ा, जो आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है।
अपरिग्रह के सिद्धांत में उन्होंने संग्रह की प्रवृत्ति को त्यागने और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा दी, जिससे लोभ, द्वेष और संघर्ष समाप्त हो सकते हैं।
आज के वैश्विक परिदृश्य में, जहां युद्ध, आतंकवाद और हिंसा का वातावरण व्याप्त है, प्रभु महावीर के ये सिद्धांत पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। यदि व्यक्ति अपने जीवन में इन सिद्धांतों का अंश मात्र भी पालन करे, तो “जियो और जीने दो” की भावना के साथ समाज और विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है।
प्रभु महावीर का दर्शन “परस्परोपग्रहो जीवानाम” अर्थात सभी जीव एक-दूसरे के लिए सहायक हैं, हमें यह सिखाता है कि आपसी सहयोग, करुणा और सकारात्मकता ही विश्व कल्याण का आधार हैं।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम केवल इन सिद्धांतों को जानें ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें। प्रभु महावीर के जन्म कल्याणक के अवसर पर यदि हम सभी उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करें, तो न केवल व्यक्तिगत जीवन में शांति आएगी, बल्कि विश्व शांति की दिशा में भी एक सशक्त कदम बढ़ेगा।
“हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा”—इस भाव के साथ यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को सकारात्मक, पवित्र और संयमित बनाए, तो निश्चित ही एक बेहतर, शांत और संतुलित विश्व का निर्माण संभव है।