मालवांचल मित्र, नीमच: शहर में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 11 के रहवासियों को अब डामरीकृत सड़क की सौगात मिल रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में कलेक्टर चौराहा से बोहरा कॉलोनी गेट तक करीब 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगा।
गुरुवार, 26 मार्च को नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने पार्षद श्री भरत सिंह अहीर एवं नगर पालिका अमले के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो और तय समयसीमा में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने भी उपस्थित होकर नपा अध्यक्ष एवं पार्षद का आभार व्यक्त किया और कहा कि लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है।
नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड निर्माण, डामरीकरण और बगीचों के कायाकल्प जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इस अवसर पर नपा इंजीनियर श्री दीपक मुवेल, लोक निर्माण विभाग के श्री अर्जुन सिंह राठौर, श्री रवि भंडारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
(मालवांचल मित्र – हर कोने की खबर, हर दिल की बात )