मालवांचल मित्र, नीमच: भारत विकास परिषद शाखा नीमच द्वारा सीएसवी अग्रोहा भवन में दायित्व ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कोटा से आए चेयरमेन श्याम शर्मा ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा का सुख ही मन का सबसे बड़ा और सच्चा सुख होता है, जो करोड़ों रुपये खर्च करने पर भी प्राप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिषद द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों—जैसे जरूरतमंदों को कंबल वितरण, कोरोना काल में ऑक्सीजन व भोजन सेवा, पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण, एवं विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों—की सराहना करते हुए इन्हें समाज के लिए आदर्श बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल ने भारतीय संस्कृति की सेवा भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुगलों और अंग्रेजों ने भारतीय संस्कृति को समाप्त करने के अनेक प्रयास किए, लेकिन सेवा और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना आज भी जीवित है और विश्व को प्रेरणा दे रही है।
विशिष्ट अतिथि एवं विधायक दिलीप सिंह परिहार ने परिषद द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना को सराहनीय बताया और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापना के लिए विधायक निधि से सहयोग देने की घोषणा की। वहीं प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल ने कहा कि नीमच शाखा ने सेवा कार्यों से अपनी अलग पहचान बनाई है और नई कार्यकारिणी इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि उनका परिवार प्रारंभ से ही परिषद से जुड़ा रहा है और परिषद समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण कराया गया, जिसमें अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, कोषाध्यक्ष संदीप दरक एवं महिला संयोजिका श्रीमती सुनीता चौधरी सहित टीम ने पदभार संभाला। शपथ अधिकारी प्रदीप चोपड़ा ने सभी को राष्ट्र सेवा और समाज सेवा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर 9 नए सदस्यों—अरविंद गोयल, संदीप नायर, आशीष गर्ग, नवीन अग्रवाल, रोहित नरेड़ी, सौरव खंडेलवाल, भरत गर्ग, जितेंद्र चोरडिया एवं निरंजन सिंह चौहान—को सदस्यता दिलाकर परिषद परिवार में शामिल किया गया।
कार्यक्रम में देहदान का संकल्प लेने वाले रमेशचंद जैन एवं उनके परिवार का भी सम्मान किया गया। अतिथियों का स्वागत भारतीय परंपरा अनुसार तिलक, दुपट्टा एवं मोती माला पहनाकर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ तथा सीएम राईस स्कूल की बालिकाओं ने वंदे मातरम की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन मनोज माहेश्वरी एवं सुशील गट्टानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष संदीप दरक ने व्यक्त किया। समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों, क्लबों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
— मनोज माहेश्वरी, मीडिया प्रभारी
भारत विकास परिषद, शाखा नीमच