शहर में नपा बहा रही है विकास की गंगा: परिहार
गौधाम बालाजी मार्ग भक्तों को अनुपम सौगात: चोपड़ा
48.27 लाख के सड़क सौंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन संपन्न
मालवांचल मित्र , नीमच: नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में जारी विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत गुरुवार, 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर वार्ड क्रमांक 34 अंतर्गत ब्रह्माकुमारी आश्रम से गौधाम बालाजी तक 48.27 लाख रुपए की लागत से होने वाले सड़क सौंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने की।
कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार, जिला प्रभारी श्री सुभाष पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल एवं मंडल अध्यक्ष श्री मोहन सिंह राणावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया, ब्रह्माकुमारी आश्रम के प्रतिनिधि एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री परिहार ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गौधाम बालाजी मार्ग के सौंदरीकरण का भूमि पूजन एक पुनीत कार्य है, जिससे गौधाम बालाजी एवं श्री चंद्रेश्वर नागदेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विकास में किसी भी प्रकार की धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि गौधाम बालाजी मार्ग भक्तों के लिए एक अनुपम सौगात सिद्ध होगा। इस मार्ग पर लगभग साढ़े ग्यारह मीटर चौड़ी सड़क, नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक सहित विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में चारों ओर विकास कार्य निरंतर जारी हैं और यह कार्य किसी के विरोध से रुकने वाले नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री परिहार ने क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने गौधाम बालाजी में महिलाओं के लिए जिम निर्माण हेतु 25 लाख रुपए, चौरसिया समाज मंदिर में डोम निर्माण के लिए 25 लाख रुपए तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा प्रस्तावित शिव धाम सरोवर तक भोलियावास से सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा की।
इस दौरान नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने अपने विरोधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप आज तक सिद्ध नहीं हो पाए हैं और विरोधियों को जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता एंबेसडर श्री विजय बाफना ने किया, जबकि आभार वार्ड क्रमांक 34 की पार्षद श्रीमती शारदा पाटनी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में नवनियुक्त एल्डरमेन, पार्षदगण, समाजजन, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
यह भूमि पूजन कार्यक्रम शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।